अखाड़ा परिषद अध्यक्ष और एसडीएम ने निरंजनी अखाड़ा में सीएम के आगमन की तैयारियां परखी,जानिए

रविवार को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में होगा सीएम का होगा अभिनंदन
हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य अभिनंदन करेगी। अखाड़े में सीएम पुष्कर सिंह धामी के आगमन को लेकर एसडीएम सदर पूरन सिंह राणा ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की घोषणा के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अभिनंदन समारोह आयोजित कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन करेगी।

देवस्थानम् बोर्ड भंग होने की घोषणा कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साधु-संतों, तीर्थ पुरोहितों को एक उपहार दिया है। मुख्यमंत्री कल अखाड़े में पहुंचेंगे। अखाड़े में मुख्यमंत्री के आगमन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कहा कि सरकार ने देवस्थानम बोर्ड को भंग कर सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत समाज और तीर्थ पुरोहितों की गरिमा को ध्यान में रखते हुए देवस्थानम बोर्ड को भंग करने का काम करते हुए प्रशंसनीय कार्य किया है।