
800 और 200 मीटर दौड़ के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने मारी बाजी, पुरुष-महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले
लक्ष्य/हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में शनिवार को अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का शानदार आगाज हुआ। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने ट्रैक पर दमखम दिखाया। मार्च पास्ट और खिलाड़ियों की शपथ के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता में पहले दिन दौड़ और विभिन्न फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. दिनेश चंद्रा, संस्थान के चेयरमैन संदीप चौधरी और विशिष्ट अतिथि एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा सहित अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, अनिल तोमर, सहिया डिग्री कॉलेज के माहिपाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मार्च पास्ट के बाद कुलसचिव ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और प्रतियोगिता की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
पहले दिन 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के क्वालीफाइंग मुकाबले हुए। इसके अलावा लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, हर्डल रेस, शॉट पुट और वॉक रेस सहित विभिन्न स्पर्धाओं की शुरुआत हुई।
800 मीटर पुरुष वर्ग में पीजी कॉलेज कोटद्वार के यश चौधरी प्रथम, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज गोपेश्वर के कमल राम द्वितीय और ललित मोहन शर्मा कैंपस ऋषिकेश के जितेश पंडित तृतीय रहे। महिला वर्ग में पीजी कॉलेज कोटद्वार की मेघा प्रथम और ललिता रावत द्वितीय रहीं, जबकि एसजेपी पीजी डीसी नंद नगर, चमोली की प्रतिभागी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
200 मीटर पुरुष वर्ग में जसपाल राणा कॉलेज देहरादून के अंशुल कुमार प्रथम, जीपी कॉलेज कोटद्वार के मोहित द्वितीय और दीपांशु तृतीय रहे। महिला वर्ग में जसपाल राणा कॉलेज की सृष्टि ठाकुर प्रथम, पंडित ललित मोहन शर्मा कैंपस ऋषिकेश की प्रिंसी प्रजापति द्वितीय और वीएसकेसी डाकपत्थर, देहरादून की निकिता तृतीय रहीं।
वहीं 5000 मीटर पुरुष वर्ग में डॉ. पीडीबीएच कॉलेज कोटद्वार के प्रभु महतो प्रथम, हिमगिरी कॉलेज लंढौरा के आकांक्ष कुमार द्वितीय और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कोटद्वार के मोहित सैनी तृतीय रहे। महिला वर्ग में मीनाक्षी नेगी प्रथम और रुचि रानी द्वितीय रहीं। दोनों डॉ. पीडीबीएच कॉलेज कोटद्वार से हैं। तीसरे स्थान की जानकारी की पुष्टि नहीं हो सकी।
आयोजन सचिव उमराव सिंह ने बताया कि रविवार को जैवलिन थ्रो, शॉट पुट और हैमर थ्रो सहित अन्य फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। पहले दिन के सेमीफाइनल में पहुंचे खिलाड़ियों के फाइनल मुकाबले भी होंगे। एच ई सी कॉलेज के चेयरमैन संदीप चौधरी ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।



