खेलउत्तराखंडहरिद्वार

एथलेटिक्स में कोटद्वार कॉलेज का जलवा, महिला-पुरुष दोनों वर्गों में चैंपियन

53 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, व्यक्तिगत ओवरऑल चैंपियनशिप में अंशुल सिंह, प्रभु महतो, दीक्षा धस्माना और कुमारी साक्षी ने मारी बाजी

 

हरिद्वार। वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कोटद्वार कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष दोनों वर्गों की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। 53 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में कोटद्वार के एथलीटों ने दमखम दिखाते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, व्यक्तिगत ओवरऑल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में अंशुल सिंह व प्रभु महतो और महिला वर्ग में दीक्षा धस्माना व कुमारी साक्षी संयुक्त चैंपियन बनीं।

एचईसी कॉलेज की मेजबानी में आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, एचईसी संस्थान के चेयरमैन संदीप चौधरी, वाइस चेयरमैन अमित चौधरी, क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, साहिया कॉलेज के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर और एचईसी की प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता की 100 मीटर पुरुष फर्राटा दौड़ में धनौरी पीजी कॉलेज के विशुद्ध नागर ने स्वर्ण, इसी कॉलेज के अभय सैनी ने रजत और हिमगिरी कॉलेज के रोहित गिरी ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में डॉ. पीडीबीएच कॉलेज, कोटद्वार की सोनिया ने स्वर्ण, पं. ललित मोहन कैंपस ऋषिकेश की हिमानी ने रजत और पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि की नैना ने कांस्य पदक हासिल किया।

400 मीटर हर्डल्स महिला वर्ग में कोटद्वार की दीक्षा धस्माना प्रथम और ललिता रावत द्वितीय रहीं, जबकि तलवाड़ी कॉलेज की साक्षी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। हाई जंप पुरुष वर्ग में डीडी कॉलेज देहरादून के प्रियांशु मंडल प्रथम रहे। ट्रिपल जंप पुरुष वर्ग में कोटद्वार के अभिषेक सिंह तंवर ने बाजी मारी। महिला ट्रिपल जंप में बाल गंगा डिग्री कॉलेज टिहरी की प्रीति प्रथम रहीं। पुरुष 4×100 मीटर रिले में जसपाल सिंह राणा कॉलेज, देहरादून की टीम ने स्वर्ण और कोटद्वार की टीम ने रजत पदक जीता।

ओवरऑल टीम परिणामों में महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर उपविजेता रहा, जबकि पुरुष वर्ग में हिमगिरी महाविद्यालय रुड़की ने दूसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी महाविद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार जताया।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button