
सेंट मैरी स्कूल के पास मेयर किरण जैसल और मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया उद्घाटन, पार्षद अनुज सिंह की पहल पर मिली सुविधा
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को अब सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार करने की परेशानी से कुछ राहत मिलेगी। सेंट मैरी स्कूल के समीप नगर निगम की ओर से बनवाए गए प्रतीक्षालय का मंगलवार को मेयर किरण जैसल और मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने विधिवत उद्घाटन किया। क्षेत्रीय पार्षद अनुज सिंह की पहल पर तैयार इस प्रतीक्षालय से स्थानीय लोगों सहित मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन के मौके पर मेयर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम का प्रयास शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रतीक्षालय बनने से यात्रियों को धूप और बारिश से बचाव के साथ बैठकर इंतजार करने की सुविधा मिलेगी।
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि नगर निगम शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों की सुविधा के लिए इस तरह की व्यवस्थाएं उपयोगी साबित होती हैं।
पार्षद अनुज सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता की समस्याओं और जरूरतों को समझना तथा उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर सेंट मैरी स्कूल के समीप यात्रियों और राहगीरों को इंतजार के दौरान होने वाली असुविधा को देखते हुए प्रतीक्षालय निर्माण की पहल की गई। नगर निगम के सहयोग से यह सुविधा धरातल पर उतर सकी है। उन्होंने कहा कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को धूप और बारिश के दौरान काफी परेशानी होती थी। प्रतीक्षालय बनने से यात्रियों को बैठने और कुछ देर ठहरने के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा। वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, जनसमस्याओं को नगर निगम के समक्ष उठाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सचिन वर्मा प्रदीप बंसल टेक चन्द अरोड़ा ललित नाथ,जितेंद्र नाथ गौरव शर्मा नीरज सुभाष चंद्र सचिन कुमार जसप्रीत सिंह रवि पाहवा सनी सिंह प्रेमचंद दीवान नीरज हर्षवर्धन नाथ सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।



