
रहमतों और बरकतों का महीना रमजान शुरू, कोरोना की गाइडलाइन का करें पालन
हरिद्वार। इस्लामिक मुकद्दस माह-ए-रमजान शुरू हो गया है। आज पहला रोजा रखा गया। रोजेदारों में इबादत कर खुदा की बारगाह में सलामती और कोरोना से निजात की दुआएं मांगी। मस्जिदों में विशेष नमाज तरावीह पढ़ी गई। इसके साथ ही मस्जिद कमेटी और मौलानाओं ने कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की भी अपील की।
पूरा दिन रोजा रखकर घर और मस्जिदों में नमाज अदा कर खुदा से सलामती और कोरोना वायरस से सभी की हिफाजत और इसके खात्मे की दुआएं मांगी गई। मौलाना वसीम अहमद कासमी ने बताया कि चांद देखे जाने के बाद रमजान का आगाज हो गया है। उन्होंने बताया कि पाक मुकद्दस माहे रमजान अल्लाह की इबादत का सबसे खास महीना होता है। इस महीने में ज्यादा से ज्यादा इबादत कर गुनाहों से तौबा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए गाइडलाइन का पालन करें। मास्क जरूरी लगाएं।



