
हरिद्वार। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री तुलसी मानस मंदिर के अध्यक्ष स्वामी कामेश्वर पुरी महाराज ने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक कर विश्व शांति, मानव कल्याण और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धाभाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
स्वामी कामेश्वर पुरी महाराज ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस माह में श्रद्धापूर्वक शिव उपासना करने से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरे विश्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे की आवश्यकता है। भगवान शिव की कृपा से समस्त मानवता का कल्याण हो तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे, इसी भावना के साथ विशेष अभिषेक किया गया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे श्रावण मास में अधिक से अधिक समय भगवान शिव की भक्ति, सेवा, सत्संग और जनकल्याण के कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संरक्षण ही समाज को सही दिशा प्रदान करता है।
इस दौरान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का दुग्ध, गंगाजल, पंचामृत, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर शिवभक्तों का आवागमन बना रहा और भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा विश्व मंगल की प्रार्थना की।



