
सूर्य ग्रहण पर गंगा तट पर महंत के सानिध्य में हुआ पूजन
हरिद्वार। मंगलवार को सूर्य ग्रहण के मौके पर गंगा तट पर प्राचीन हनुमान मंदिर के महंत रविपुरी के सानिध्य में पूजन किया गया। ग्रहण के बाद दान पुण्य कर श्रद्धालुओं को ग्रहण के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महंत रविपुरी महाराज ने कहा कि सूर्य ग्रहण काल में भगवान की आराधना करने से कई गुना फल प्राप्त होता है। भगवान पर आए संकट के वक्त उनके नाम का जाप, आदित्य स्त्रोत का पाठ और इसी तरीके के तमाम धार्मिक अनुष्ठान करते हुए भक्त भगवान की आराधना करनी चाहिए। ग्रहण काल में की गई पूजा-पाठ का कई गुना धार्मिक लाभ भी मिलता है। इसी को देखते हुए बड़ी संख्या में हनुमान घाट पर पूजन-अर्चन की गई है। ग्रहण काल समाप्त होने के बाद स्नान किया गया और मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन किए गए। उन्होंने बताया कि सूर्य के साथ तुला राशि में केतु, शुक्र और चंद्रमा भी विराजमान और चार ग्रह स्वाति नक्षत्र में भी स्थित हुए। ग्रहण के इसी साए की वजह से दिवाली के तीसरे दिन गोवर्धन पूजन किया जा रहा है। ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रहण के अशुभ प्रभाव को दूर करने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं। इन उपायों के करने से कुंडली में स्थित ग्रहों का दोष दूर होता है और जीवन में उन्नति के मार्ग प्रशस्त होते हैं।