उत्तराखंडहरिद्वार

प्राचीन श्रीराम मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव

 

भगवान श्रीराम को लगाया गया छप्पन भोग, संतों ने की देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना

हरिद्वार, 10 नवम्बर। उत्तरी हरिद्वार भूपतवाला स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। महंत रामदास महाराज के पावन सानिध्य एवं महंत बलराम दास महाराज के संयोजन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम एवं गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर भगवान श्रीराम को विभिन्न प्रकार के पकवानों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर महंत रामदास महाराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन धर्म की अत्यंत प्राचीन एवं महत्वपूर्ण परंपरा है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का स्मरण कराने के साथ ही हमें प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा का महत्व स्थापित कर समाज को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व का अपना आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में धर्म के प्रति आस्था बढ़ती है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

महंत डॉ. बलराम दास महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या वापस लौटने पर अयोध्यावासियों ने दीपोत्सव मनाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की थी। इसी प्रकार अन्नकूट महोत्सव में भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर भक्त अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट करते हैं। भगवान श्रीराम को छप्पन भोग अर्पित करना भक्तों की अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव हमें अन्न के महत्व, सेवा, समर्पण और मिल-बांटकर खुशियां मनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं के सानिध्य में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम समाज को आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को बढ़ावा देते हैं। सनातन धर्म की परंपराओं और मान्यताओं को संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। भगवान से प्रार्थना है कि देश में सुख-शांति बनी रहे और प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली एवं समृद्धि का वास हो।

गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने महंत रामदास महाराज एवं महंत बलराम दास महाराज को अंगवस्त्र ओढ़कर स्वागत अभिनंदन करते हुए कहा कि प्राचीन श्रीराम मंदिर कई दशकों से अन्नकूट महोत्सव में छप्पन भोग मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को अर्पित कर वितरित करने की परम्परा निभा रहा है।

इस दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। अन्नकूट महोत्सव में मुख्य रूप से सुबोध शर्मा, सुभाष महेश्वरी, फग्गूराम प्रजापति, अनिरूद्ध भाटी, योगेश्वर शर्मा, पत्रकार प्रमोद गिरि, संजय संतोषी, सतीश पाल, रूपेश शर्मा, दिव्यम यादव, राघव ठाकुर, सन्नी राणा, आदित्य यादव, ललित जोशी, दिनेश शर्मा, गोपी सैनी, सुखेन्द्र तोमर, सुभाष अदलक्खा, शिवम शर्मा, रवि प्रभारी समेत सैकड़ों क्षेत्रवासी, श्रद्धालुजन व गणमान्यजन उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button