Uttrakhand news उत्तराखंड ने खोया अनुशासित सैनिक और जनप्रिय नेता, मुख्यमंत्री धामी ने मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी को दी श्रद्धांजलि

विजय सुब्रह्मण्यम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के बसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सीधे स्वर्गीय खंडूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विनम्र नमन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल खंडूरी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार देने में खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



