हरिद्वारउत्तराखंडव्यापारी

Haridwar news चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले डीएम का बड़ा एक्शन, 5 दिन में सड़क व सीवरेज कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम

विजय सुब्रह्मण्यम 

हरिद्वार, 19 मई। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुराने आरटीओ चौक और भारत माता मंदिर मार्ग क्षेत्र में चल रहे सीवरेज एवं सड़क निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति और सड़क किनारे पड़े मलबे पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।

Oplus_16908288

डीएम ने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य हर हाल में अगले 5 दिनों के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई स्थानों पर निर्माण सामग्री और मलबा सड़क किनारे पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। इस पर उन्होंने तत्काल मलबा हटाने और निर्माण कार्य के साथ-साथ सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और पेयजल निगम (गंगा) की प्रोजेक्ट मैनेजर मीनाक्षी मित्तल को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही मैनहॉल कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और किसी भी मैनहॉल को खुला न छोड़ने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, ऐसे में निर्माण कार्यों के कारण किसी भी श्रद्धालु या स्थानीय नागरिक को असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसलिए सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, कनिष्ठ अभियंता सीएल भारती, ठेकेदार प्रशांत पाराशर, रजत शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button