उत्तराखंडहरिद्वार

भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव पर गूंजा निरंजनी अखाड़ा, संतों ने दिया धर्म-संस्कृति की रक्षा का संदेश

 

तेरहों अखाड़ों के संत-महंतों ने की शिरकत, पंच स्नान के बाद हुआ भव्य श्रृंगार, महाआरती और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ माहौल

हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में रविवार को इष्टदेव भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव पर आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरु छठ उत्सव के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में तेरहों अखाड़ों के संत-महंतों ने शिरकत की। भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा का पंच स्नान कराने के बाद भव्य श्रृंगार किया गया और फूलों से सजाया गया। महाआरती के दौरान पूरा अखाड़ा परिसर भगवान कार्तिकेय के जयकारों से गूंज उठा। उत्सव के समापन पर भव्य आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में हुआ। उन्होंने देशभर से पहुंचे संत-महंतों का अभिनंदन करते हुए भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि भगवान कार्तिकेय शक्ति, साहस, ज्ञान और धर्म के प्रतीक हैं। सनातन परंपरा में देवताओं के जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी हैं। संत समाज का दायित्व है कि वह नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति के मूल्यों से परिचित कराए।

निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि भगवान कार्तिकेय ने अधर्म के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना का संदेश दिया। उनके जीवन से समाज को साहस, संयम और राष्ट्र व धर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजनों से सनातन परंपराएं मजबूत होती हैं।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के इष्टदेव भगवान कार्तिकेय का जन्मोत्सव संत परंपरा और सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए समाज का मार्गदर्शन करता रहा है। युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सनातन परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज एवं मुखिया महंत भगतराम ने कहा कि सनातन धर्म-संस्कृति की रक्षा के साथ अखाड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा में भी योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर आनंद अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, नया अखाड़ा के मुखिया महंत भगतराम, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज, निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरि, श्रीमहंत दिनेश गिरि,मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री महंत राजगिरि,श्री महंत बालवीर गिरि,दिगंबर सतीश वन,दिगंबर धनंजय गिरि, महंत ऋषिश्वरानंद महाराज, श्रीमहंत दर्शन भारती महाराज, महंत रवि पुरी सहित बड़ी संख्या में संत-महंत मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी दीपक सिंह,रामानंद इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉक्टर मयंक गुप्ता,एमडी मनुज उनियाल,भोला शर्मा,समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आतिशबाजी के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button