एसएमएजेएन कॉलेज मैदान में बनेगी अखाड़े की छावनी : श्रीमहंत रविंद्रपुरी:देखे वीडियो

…मैदान में जमात के आगमन को लेकर श्रीमहंत ने मुआयना किया
…शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने अखाड़ा पहुंचकर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से की वार्ता

हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की छावनी एसएमजेएन पीजी कॉलेज में बनाई जाएगी। 25 फरवरी को संतों की जमात यहां पहुंचेगी। उनके आगमन को देखते हुए अखाड़ा के संतों ने कॉलेज मैदान का मुआयना किया। अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने अखाड़ा पहुंचकर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से वार्ता की।

कुंभ के आने वाले शाही स्नान व पर्वों के लिए देश भर से संतों के हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसलिए अखाड़ों में छावनियां बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी शहर में उच्च शिक्षा के लिए एसएमजेएन पीजी कॉलेज का संचालन करता है। कुंभ में अखाड़ा अपनी छावनी एसएमजेएन पीजी कॉलेज के मैदान में बनाएगा। शनिवार को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, श्रीमहंत रामरतन गिरि, मनीष भारती, श्रीमहंत नरेश गिरि, श्रीमहंत राधे गिरि, दिगंबर बलबीर पुरी, गंगा गिरि, निलकंठ गिरि, विनोद गिरि, महेश गिरि, अनुज पुरी, नीतीश पुरी व आनंद अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत शंकरानंद सरस्वती ने कॉलेज मैदान का मुआयना किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने बताया कि 25 फरवरी को संतों की जमात हरिद्वार पहुंच जाएगी। इसलिए छावनी बनाने का कार्य 25 फरवरी से पहले पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ में पहुंचने वाले अखाड़े के सभी संतों के लिए व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि अखाड़े में पहुंची धर्म ध्वजा की लकड़ी को लेकर भी जायजा लिया गया। उन्होंने बताया कि धर्म ध्वजा के हिसाब से इस पेड़ की लंबाई छोटी है। इसमें ज्वाइंट लगाकर लंबाई बढ़ाई जाएगी। वहीं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में पहुंचकर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से धर्म ध्वजा और पेशवाई के संबंध में वार्ता की। इसके साथ ही उन्होंने संतों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत भी किया। इस अवसर पर एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डा. सुनील कुमार बत्रा, डा. संजय माहेश्वरी, डा. सरस्वती पाठक भी उपस्थित थे।