परिवार संग लिया संतों का आशीर्वाद, स्वामी कैलाशानंद गिरि से मुलाकात; बोलीं- आज्ञा मिली तो महाराज के जीवन पर फिल्म बनाने का करूंगी प्रयास
हरिद्वार। बाबा नीम करौली महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म निर्माता अनुप्रिया नागर शुक्रवार को अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ हरिद्वार पहुंचीं। उन्होंने श्री सिद्धपीठ दक्षिण काली मंदिर में मां दक्षिण काली की विधिवत पूजा-अर्चना की और निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। फिल्म की सफलता के बाद संतों के दरबार में पहुंची अनुप्रिया ने कहा कि यह सफलता ईश्वर और संतों के आशीर्वाद का ही परिणाम है।
स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि अनुप्रिया नागर पूरे भाव और श्रद्धा के साथ परिवार सहित मां दक्षिण काली के दरबार पहुंची हैं। वह लंबे समय से साधना और आध्यात्मिक जीवन से प्रेरणा लेती रही हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण के दौरान जब इसकी सफलता को लेकर आशंकाएं उत्पन्न हुईं, उस समय अनुप्रिया ने भगवान का स्मरण किया। हनुमान जी के दर्शन और आशीर्वाद के बाद उन्हें विश्वास मिला कि सब मंगलमय होगा। इसके बाद फिल्म को सफलता प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक आस्था व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की शक्ति देती है। स्वामी कैलाशानंद गिरि ने अनुप्रिया नागर को भविष्य में निरंतर सफलता, यश और शुभ कार्यों के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
अनुप्रिया नागर ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की सफलता संतों और ईश्वर के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इसी आशीर्वाद को प्राप्त करने के लिए वह लगातार संतों के सानिध्य में पहुंच रही हैं। उन्होंने स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की साधना, तपस्या और आध्यात्मिक जीवन से प्रभावित होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि यदि स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की आज्ञा और आशीर्वाद मिला तो भविष्य में उनके जीवन, साधना और आध्यात्मिक यात्रा पर फिल्म बनाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन समाज को आध्यात्मिक दिशा देने के साथ ही नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।



