हरिद्वारउत्तराखंडक्राइम

Haridwar news जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, महिला बंदी के पति पर मुकदमा

 

हरिद्वार। जिला कारागार हरिद्वार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से जेल अधीक्षक को धमकाने का आरोप है। जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी जेल में बंद एक महिला बंदी का पति बताया जा रहा है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने एसएसपी हरिद्वार को भेजे पत्र में बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 10:47 बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया। उन्होंने रात में बात करना उचित नहीं बताते हुए सुबह बात करने के लिए कहा। इसके बाद रात करीब 11:24 बजे व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर खुद को लॉरेंस बिश्नोई समूह से जुड़ा बताया गया। अगले दिन 12 सितंबर को आरोपी ने लगातार कई बार फोन किया। कॉल नहीं उठाने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए।
शिकायत के अनुसार, संदेशों में जेल में बंद महिला बंदी शीला को लेकर भी धमकी दी गई। आरोपी ने जेल में मुलाकात के दौरान उसे परेशान करने का आरोप लगाते हुए जेल अधीक्षक और जेल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को लॉरेंस के साथ रहने का दावा भी किया। इसके बाद सुबह करीब 10:12 बजे दोबारा फोन आया। जेल अधीक्षक ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली।
रिकॉर्डिंग सुनने के बाद जेल में निरुद्ध महिला बंदी शीला ने फोन करने वाले की पहचान अपने पति हिमांशु चड्ढा के रूप में की। उसने बताया कि हिमांशु उससे मुलाकात करने जेल आता रहता है। जेल अधीक्षक की ओर से ई-प्रिजन रिकॉर्ड की जांच में भी हिमांशु के पूर्व में जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी मिली। रिकॉर्ड के अनुसार वह 2017 से 2019 तक जिला कारागार देहरादून में बंद रहा था। बाद में उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज भेजा गया, जहां से 13 दिसंबर 2022 को रिहा हुआ।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने आरोपी हिमांशु चड्ढा पुत्र श्याम लाल चड्ढा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी। पत्र के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और मुलाकात संबंधी रिकॉर्ड भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर धमकी देने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि बीते दिनों शीला नाम की महिला ने डिप्टी जेलर के साथ अभद्रता की थी जिसके बाद उसे ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके बाद खुद को महिला का पति बताने वाला हिमांशु नाम का व्यक्ति जेल में मिलने आया था। महिला ने उसे बढ़ा चढ़ा कर यह बात बता दी। उसके जाने के बाद उन्हें लगातार कॉल और मैसेज के जरिये धमकी मिल रही थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है। वहीं सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button