
हरिद्वार: जिला कारागार में रामलीला मंचन के दौरान राम बारात निकाली गई। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने राम बारात में शामिल होकर अभिनय करने वाले बंदी और कैदियों का उत्साहवर्द्धन किया। जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज आर्य ने श्रीमहंत रविंद्र पुरी का स्वागत किया। इस दौरान श्रीमहंत रविंद्र पुुरी ने भगवान राम व लक्ष्मण की आरती की। बैंड बाजे की धुन पर कैदी और बंदी जमकर थिरके।
राम बारात में शामिल कैदी और बंदियों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि रामलीला का हर पात्र हमें आदर्श जीवन की शिक्षा देता है। भगवान राम ने आदर्श पुत्र, आदर्श पति की भूमिका का निर्वहन किया है। उन्होंने जेल में रामलीला मंचन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बंदियों और कैदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। बैंड बाजों की धुन पर जेल के भीतर ही राम बारात निकाली गई। भगवान राम और लक्ष्मण घोड़ा बग्गी पर सवार रहे। जेल में उल्लास और आनंद का माहौल रहा। पूरा जिला कारागार जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।