उत्तराखंडहरिद्वार

कुंभ मेला-2027 के तहत शंकराचार्य चौक-कनखल-देशरक्षक तिराहा मार्ग के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

 

*स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शंकाओं के निराकरण के लिए पहले एक हिस्से में बनाया जाएगा रेज्ड फुटपाथ का नमूना*

*3.93 करोड़ रुपये की लागत से होगा लगभग तीन किमी लंबे मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण*

*हरिद्वार, 03 अक्टूबर 2026*

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग के नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण एवं अन्य कार्यों को लेकर मेला प्रशासन एवं लोनिवि के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर कार्य के संबंध में उनके सुझाव एवं शंकाएं सुनीं। वार्ता में तय किया गया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं निवासियों की शंकाओं के निराकरण के लिए पूरी सड़क पर निर्माण कार्य कराने से पहले सड़क के एक हिस्से में नमूने के रूप में रेज्ड फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला के सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए नियमित थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था की गई है। इस सड़क के कार्य में भी गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

शासन के निर्देशानुसार कुंभ मेला से संबंधित निर्माण कार्यों में समयबद्धता के साथ पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए समय-समय पर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका द्वारा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों के संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से निरंतर संवाद बनाए रखने, योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी कार्यस्थलों पर योजनाओं की जानकारी से संबंधित सूचना बोर्ड स्थापित करने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं। इन बोर्डों पर स्वीकृत योजना का नाम, लागत, कार्य प्रारंभ होने एवं पूर्ण होने की तिथि तथा कार्यदायी संस्था का नाम आवश्यक रूप से अंकित किया जाएगा। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को कनखल क्षेत्र के पार्षदों द्वारा रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट शुरू किए गए फुटपाथ निर्माण कार्य को लेकर उठाये गए मुद्दे का मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मेला प्रशासन एवं कार्यदायी संस्था लोनिवि के अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने भी पार्षदों से वार्ता कर उक्त कार्य के संबंध में जानकारी दी तथा पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मेला प्रशासन एवं लोनिवि के अधिकारियों ने कनखल में पार्षदों एवं अन्य लोगों से भेंट कर सड़क के नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण की योजना के संबंध में वार्ता की। अधिकारियों ने पार्षदों के साथ रामकृष्ण मिशन अस्पताल क्षेत्र के निकट कराए जा रहे फुटपाथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा इस संबंध में स्थानीय हितधारकों से विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह ने गुणवत्ता नियंत्रण के लिए मेला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी दशा में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कार्यों की गुणवत्ता पर पूरी निगरानी रखने की अपेक्षा करते हुए कहा कि इस योजना के पूरा होने से स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत होगी।

इस अवसर पर लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए शासन द्वारा 3.93 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत सड़क के किनारे दो किलोमीटर लंबाई में रेज्ड फुटपाथ एवं एक किलोमीटर लंबाई में लेवल फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। पानी की निकासी के लिए भी उपयुक्त व्यवस्था की जाएगी।

स्थानीय पार्षदों एवं अन्य लोगों ने मेला प्रशासन एवं लोनिवि के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में सड़क पर पूरी लंबाई में फुटपाथ बनाने से पहले एक हिस्से में फुटपाथ तैयार कर उसका नमूना प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था, अस्पताल के निकट रेलिंग स्थापित कराने तथा सड़क की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने का भी आग्रह किया। इस संबंध में अधिकारियों द्वारा सहमति व्यक्त किए जाने पर पार्षद भूपेन्द्र कुमार एवं सचिन अग्रवाल सहित उपस्थित अन्य लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए सड़क निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button