
रघुनाथ मंदिर में विधि-विधान से की आंवले के वृक्ष की पूजा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरिद्वार। आस्था, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आंवला नवमी के अवसर पर बुधवार को ज्वालापुर के पांडेवाला स्थित रघुनाथ मंदिर में तीर्थ पुरोहितों की ओर से सामूहिक खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों तीर्थ पुरोहितों ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन के साथ ही तीर्थ पुरोहितों ने आंवले की पौध रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित अंशुल श्री कुंज ने कहा कि आंवला नवमी सनातन धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखती है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने की परंपरा है। आंवले का वृक्ष धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से समाज को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी एहसास कराना चाहिए। पौधरोपण कर उसकी नियमित देखभाल करना भी हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक खिचड़ी भोज जैसे आयोजन आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, शशिकांत वशिष्ठ, सचिन कौशिक, अशोक त्रिपाठी, रमेश सिखौला, प्रेम त्रिपाठी, प्रवीण शर्मा, वैभव शिवपुरी, उमाशंकर वशिष्ठ, भोमेश श्री कुंज, श्रीराम सरदार, मधुसूदन प्रधान, तरित, आदित्य वशिष्ठ, मोहित पालीवाल, पंकज उपाध्याय, राजीव झा, संतोष गौतम, पंकज अधिकारी, मनीष पाराशर और महेश तुम्बड़िया सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।



