

एचआरडीए सदस्य बनाए जाने पर धर्मशाला प्रबंधक सेवा समिति ने किया सम्मानित, कुंभ की तैयारियों और उत्तरी हरिद्वार की समस्याओं पर हुई चर्चा
हरिद्वार। हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच उत्तरी हरिद्वार के विकास और धर्मशालाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर उम्मीदें बढ़ने लगी हैं। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) का सदस्य बनाए जाने पर राजीव भट्ट का हरिद्वार धर्मशाला प्रबंधक सेवा समिति ने स्वतंत्र पुरी धाम में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान आगामी कुंभ मेले को दिव्य-भव्य बनाने के साथ उत्तरी हरिद्वार में यातायात, पार्किंग, पेयजल,सार्वजनिक शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
राजीव भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में आगामी कुंभ मेला दिव्य और भव्य होगा। कुंभ देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। एचआरडीए सदस्य के रूप में वह क्षेत्र के विकास और धर्मशालाओं से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का प्रयास करेंगे।
समिति के अध्यक्ष महंत भीमसेन ने कहा कि राजीव भट्ट को प्राधिकरण में जिम्मेदारी मिलने से उत्तरी हरिद्वार के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। कुंभ से पहले क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
समिति के महामंत्री मनोज बिष्ट ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में बड़ी संख्या में धर्मशालाएं हैं, जहां कुंभ और अन्य धार्मिक पर्वों पर लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क, बिजली, पानी, पार्किंग और सफाई जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजीव भट्ट इन समस्याओं को प्राधिकरण के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे।
कोषाध्यक्ष सोनू शर्मा ने कहा कि धर्मशालाएं हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कुंभ मेले को देखते हुए धर्मशालाओं से संबंधित व्यवस्थाओं और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार लंबे समय से कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। कुंभ मेले से पहले इन समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। उन्होंने राजीव भट्ट से क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, उपाध्यक्ष राजेश सूद, गुरु बच्चन, नवदीप त्रिपाठी, हरीश सिंह, राजेश कुमार, महेश भट्ट, हरीश अरोड़ा, करण सिंह, देव शर्मा, दक्ष, गुरु वचन सिंह और राकेश आदि मौजूद रहे।



