
खाली भवनों की बिक्री और मानचित्र संबंधी अड़चनों पर भी लिए गए अहम फैसले
हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की 86वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ मंजूरी दे दी गई। बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त भवनों की बिक्री, मानचित्रों से जुड़ी दिक्कतों और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार को मंडलायुक्त गढ़वाल श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में बोर्ड के समक्ष रखे गए विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विचार के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए इसका अनुमोदन किया गया।
बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में खाली पड़े भवनों के विक्रय को लेकर भी निर्णय लिया गया। वहीं, मानचित्र स्वीकृति में आ रही दिक्कतों के संबंध में प्रस्तुत प्रकरणों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बोर्ड बैठक के बाद प्राधिकरण की संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। आगामी विकास कार्यों की प्रगति और कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार, नगर पालिका शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का संचालन एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह ने किया।



