उत्तराखंडहरिद्वार

वाणिज्य कर आयुक्त से मिले व्यापारी

हरिद्वार में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान को रोकने और कार्रवाई से पूर्व सूचना दिए जाने की मांग की

जीएसटी एवं सरकार के नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं व्यापारी-डा.विशाल गर्ग

हरिद्वार, 22 सितम्बर। हरिद्वार के व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन से मुलाकात कर त्यौहारों के सीजन को देखते हुए जीएसटी अधिकारियों द्वारा हरिद्वार में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान को रोकने तथा कार्रवाई से पूर्व व्यापारियों को सूचित जाने की मांग की है। व्यापारी नेता डा.विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी जीएसटी एवं सरकार के नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अभियान से दुकानदारों को सामाजिक एवं मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों के लिए कारोबार की दृष्टि से त्योहारों का समय महत्वपूर्ण कारोबार होता है। इसलिए इस अवधि में अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच समन्वय और सहयोग का वातावरण बनाया जाना चाहिए। हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, संरक्षक नरेंद्र अग्रवाल एवं ललित गोयल ने कहा कि यदि किसी व्यापारी पर टैक्स की देनदारी निर्धारित होती है तो उसकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पार्ट पेमेंट की सुविधा पर भी विचार किया जाना चाहिए, ताकि व्यापारी पर एक साथ आर्थिक भार न पड़े। हरिद्वार हार्डवेयर संगठन के राजीव शर्मा ने कहा कि व्यापारियों को जीएसटी के प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की जानी चाहिए। इससे व्यापारियों को नियमों की सही जानकारी मिलेगी और अनावश्यक विवादों से भी बचा जा सकेगा। देहरादून से व्यापारी नेता विनय गोयल एवं राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी सरकार को हर स्तर पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आयुक्त के सकारात्मक हस्तक्षेप से व्यापारियों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच संवाद और सहयोग का वातावरण और मजबूत होगा। वाणिज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित दुकानदार को सूचना देने का प्रयास किया जाएगा।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button