
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल एवं मंगलमय जीवन की कामना को लेकर हरिद्वार के गुरुकुल महाविद्यालय में विशेष यज्ञ एवं वैदिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब एक हजार विद्यार्थी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुति देकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करेंगे।

कार्यक्रम संयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रातः छह बजे गुरुकुल महाविद्यालय में विशेष यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शहर के लोग शामिल होंगे। वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ के माध्यम से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश और प्रदेश के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति की कामना की जाएगी।
उन्होंने हरिद्वारवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह वैदिक कार्यक्रम उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना को समर्पित रहेगा।


