

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, लीलाओं और झांकियों ने मोहा मन
हरिद्वार। मुरली की मधुर धुन, भजनों की स्वर लहरियां और भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं के मंचन से भीमगोड़ा स्थित रामलीला भवन शुक्रवार को भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्रीजी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित द्वितीय वर्षोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। आकर्षक धार्मिक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में कृष्ण जन्मोत्सव की छटा बिखेर दी।
श्रीजी सेवा ट्रस्ट की ओर से रामलीला भवन भीमगोड़ा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी बाल लीलाओं पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियां पेश की गईं। कलाकारों ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मंचन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, पूर्व मेयर मनोज गर्ग,पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी,विनीत जौली का पार्षद एवं संस्था के कोषाध्यक्ष सुमित चौधरी ने पटका पहनाकर किया स्वागत।
समारोह में प्रस्तुत की गईं भव्य धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं और सनातन संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांकियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
कार्यक्रम में लड्डू गोपाल का विधि-विधान से पूजन और महाअभिषेक भी किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान रामलीला भवन जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रीजी सेवा ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष दिव्या चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म और कर्म का संदेश देता है। ट्रस्ट का उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए, यही कामना है।
ट्रस्ट के महामंत्री लखन लाल चौहान ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सनातन संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।



