उत्तराखंडहरिद्वार

सड़क पर ऊंचे सीवर ढक्कन बने हादसों का सबब, तुषार के घायल होने पर कांग्रेस का गुस्सा फूटा

 

जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ बंद करें जिम्मेदार विभाग, लापरवाही पर तय हो जवाबदेही:अमन गर्ग

हरिद्वार। सड़क पर निकले तो संभलकर! भूपतवाला में सड़क से ऊंचे उठे सीवर ढक्कन और अधूरे निर्माण कार्य लोगों की जान पर भारी पड़ने का खतरा बने हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता तुषार कपिल के दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुक्रवार को कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने होटल रमाया इन के बाहर दुर्घटनास्थल पर प्रदर्शन कर जिम्मेदार विभागों के खिलाफ नाराजगी जताई। कांग्रेस ने तुषार को बेहतर उपचार दिलाने, दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने और असुरक्षित सीवर ढक्कनों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने चेतावनी दी कि जनता की सुरक्षा के मामले में अब बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने तुषार कपिल के गंभीर रूप से घायल होने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि तुषार कांग्रेस परिवार के सक्रिय साथी और उनके छोटे भाई समान हैं। इस मुश्किल समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके और उनके परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने मां गंगा से तुषार के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए प्रशासन से उनके उपचार में हरसंभव सहयोग देने की मांग की।

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि एक युवा साथी अस्पताल में है और उसका परिवार पीड़ा से गुजर रहा है। सवाल यह है कि आखिर हरिद्वार की जनता कब तक अधूरे कामों और असुरक्षित सड़कों की कीमत चोट खाकर चुकाती रहेगी। सड़क से ऊपर उठे सीवर ढक्कन वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा हैं। जनता की जान को विभागीय बहानों और फाइलों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

युवा नेता वरुण बालियान और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि निर्माण कार्यों के दौरान यातायात सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी किसकी है? अधूरे कार्यों और खतरनाक स्थानों की निगरानी कौन कर रहा है? दुर्घटना की आशंका के बावजूद समय रहते मरम्मत, चेतावनी संकेत और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए जाते?

वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने कहा कि दुर्घटना के बाद औपचारिकता निभाने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि हादसों को पहले ही रोका जा सके। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई भी होनी चाहिए।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और महानगर कांग्रेस महासचिव तरुण व्यास ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरते हुए कहा कि जनता भाषणों और प्रचार से नहीं, बल्कि सड़कों की वास्तविक स्थिति से विकास का आकलन करती है। नागरिकों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। एक विभाग से दूसरे विभाग पर जिम्मेदारी डालने का रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा।

श्रमिक नेता वीरेंद्र श्रमिक और युवा नेता ओम मलिक ने दुर्घटनास्थल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और निष्पक्ष जांच के जरिए हादसे के कारणों का पता लगाकर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कार्यदायी संस्था या ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने भूपतवाला समेत आसपास के क्षेत्रों में सड़क से ऊंचे, क्षतिग्रस्त और असुरक्षित सीवर ढक्कनों का सर्वे कराकर उन्हें सड़क के स्तर के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग की। मरम्मत पूरी होने तक खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेत, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि संबंधित विभाग मरम्मत में देरी न करें और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस सचिव करन सिंह राणा, गौरव गोस्वामी, मोहित अरियाल, तरनजीत सिंह, शुभम यादव, डुंगर सिंह, अमन ठाकुर, योगेश त्यागी, अखिल त्यागी, विकास चंद्रा और रितेश समाजसेवी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button