उत्तराखंडहरिद्वार

कुंभ में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, रेलवे स्टेशनों पर होगा खास सुरक्षा प्लान

हरिद्वार स्टेशन पर दबाव बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों पर भी रोकी जाएंगी ट्रेनें, होल्डिंग एरिया और स्पेशल ट्रेनों पर मंथन

हरिद्वार, 22 अक्टूबर। कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालना पुलिस और रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए कुंभ मेला पुलिस ने रेलवे के साथ मिलकर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित रेल संचालन की तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन पर यात्रियों का दबाव बढ़ने पर आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया और मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था पर मंथन किया गया।

गुरुवार को सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कुंभ मेले के दौरान रेलवे यातायात योजना, रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और स्टेशन प्लान की समीक्षा की गई। साथ ही मुख्य स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और वहां यात्रियों को संभालने की व्यवस्था पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम और हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित रवाना करने की योजना पर भी विचार किया गया।

रेलवे की यातायात योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए वैकल्पिक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आईजी कुंभ मेला ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित की जा सकें।

बैठक में एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, उत्तर रेलवे मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, एसपी रेलवे उत्तराखंड अरुणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट और पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड अनुज कुमार मौजूद रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button