हरिद्वार। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखने वाले भल्ला इंटर कॉलेज के नवनियुक्त प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद को नई जिम्मेदारी मिलने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने उन्हें माला पहनाकर तथा मां मंशा देवी की पावन चुनरी ओढ़ाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विद्यालय की प्रगति में प्रधानाचार्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। त्रिलोक चंद लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र में अपने अनुभव, अनुशासनप्रिय कार्यशैली और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय निश्चित रूप से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान होता है। एक योग्य प्रधानाचार्य न केवल विद्यालय का संचालन करता है, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय करता है। वहीं प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि भल्ला इंटर कॉलेज हरिद्वार का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है और नई जिम्मेदारी मिलने से विद्यालय को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एस.पी. सिंह एवं मेघराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने नवनियुक्त प्रधानाचार्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम का वातावरण सम्मान और उत्साह से भरा रहा तथा उपस्थित लोगों ने विद्यालय की निरंतर प्रगति की उम्मीद जताई।



