उत्तराखंडहरिद्वार

महंत रवि पुरी महाराज का संन्यास दीक्षा अवतरण दिवस श्रद्धालु भक्तों ने धूम धाम से मनाया

*महंत रवि पुरी महाराज के आध्यात्मिक मार्गदर्शन से समाज में धार्मिक चेतना का हो रहा प्रसार:मदन कौशिक

हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार के प्राचीन हनुमान घाट स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में सोमवार को मंदिर के महंत रविपुरी महाराज का संन्यास दीक्षा अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन एवं संत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, श्रद्धालु भक्तों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखाई दिया और श्रद्धालुओं ने महंत रविपुरी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने महंत रविपुरी महाराज को पुष्पगुच्छ भेंट कर संन्यास दीक्षा अवतरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महंत रविपुरी महाराज वर्षों से धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन से समाज में धार्मिक चेतना का प्रसार हो रहा है। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति की आत्मा है और संतों के आशीर्वाद से ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं नैतिक मूल्यों का संरक्षण संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को संतों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज सेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर श्री परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने महंत रविपुरी महाराज को फरसा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महंत रविपुरी महाराज ने सदैव मानव सेवा, धर्म प्रचार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य किया है। उनके सानिध्य में अनेक धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव जनकल्याण और धर्म रक्षा के लिए समर्पित रहता है तथा महंत रविपुरी महाराज जैसे संत समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

विश्वगुरु शंकराचार्य दशनाम गोस्वामी समाज के राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद गिरि एवं समाजसेवी डॉ. अशोक गिरि ने संयुक्त रूप से महंत रविपुरी महाराज को रुद्राक्ष माला, श्रीमद्भागवत गीता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महंत रविपुरी महाराज दशनाम संन्यास परंपरा को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका संपूर्ण जीवन सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और समाज सेवा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन त्याग, तपस्या और लोककल्याण का प्रतीक होता है तथा समाज को उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि महंत रविपुरी महाराज का संन्यास दीक्षा अवतरण दिवस समाज को संतों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संत समाज हमेशा मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता आया है।

अपने संबोधन में महंत रविपुरी महाराज ने सभी संतों, श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का जीवन समाज सेवा, मानव कल्याण और धर्म रक्षा के लिए समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा के मार्ग पर चलते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना चाहिए। उन्होंने सभी से सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री विनीत जौली, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा, नमन शर्मा, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव शिवम गिरि, समाजसेवी राधे भैया सहित सैकड़ों श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे और सभी ने महंत रविपुरी महाराज को शुभकामनाएं दी।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button