अकाली दल जिलाध्यक्ष का ट्रैक्टर सीज करने पर किसानों ने चौकी पर काटा हंगामा: देखे वीडियो

रात में ट्रैक्टर लेकर ऋषिकेश जा रहे थे अकाली दल के जिलाध्यक्ष सूबा सिंह ढ़िल्लो
सप्तऋषि पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर किया सीज, सूचना मिलते ही सुबह पहुंचे किसान

हरिद्वार। शिरोमणि अकाली दल (अ) के जिलाध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लो का ट्रैक्टर सप्तऋषि चौकी पर पुलिस के सीज करने पर हंगामा खड़ा हो गया। शनिवार की रात ट्रैक्टर सीज करते ही सुबह किसान चौकी पर एकत्र हो गए। जहां ट्रैक्टर पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की। लेकिन चौकी इंचार्ज सुनील रावत ट्रैक्टर पर चढ़कर बैठ गए।

इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सीओ सिटी अभय प्रताप ने मौके पर पहुंचकर किसानों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। तब जाकर मामला शांत हो पाया।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात को अकाली दल के जिलाध्यक्ष व किसान सूबा सिंह अपने ट्रैक्टर से ऋषिकेश जा रहे थे। आरोप है कि सप्तऋषि चौकी पर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया और ट्रैक्टर को सीज कर दिया। सूबा सिंह ने सुबह होते ही इसकी जानकारी अपने साथियों को दी। जिसके बाद अकाली दल के जगजीत सिंह, मंजीत सिंह, पवन सिंह, जसकरण सिंह, शेर सिंह, गुरुप्रीत सिंह, जजपाल सिंह, पारस सिंह, गुरुतेज सिंह, राहुल चौधरी मौके पर पहुंचे। जबकि भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री, विकास सैनी, सुकराम पाल, विनोद प्रजापति, मोहन त्यागी, चमन लाल शर्मा, राजू त्यागी, जावेद, अशोक सैनी आदि चौकी पहुंचे। जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन कर चौकी का घेराव किया। तभी नाराज सुबा सिंह ने अपने ट्रैक्टर पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। डीजल डालते ही चौकी इंचार्ज सुनील रावत ट्रैक्टर पर चढ़कर बैठ गए। जिसके बाद किसानों से उनकी जमकर नोंकझोंक हुई। हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही भारी पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर की मशक्कत के बाद सीओ सिटी के समझाने के बाद किसान शांत हो पाए। 500 रुपये का चालान काटने के बाद ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया।