हरिद्वार। अमेरिकन आश्रम की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। तीन महीने बाद आश्रम की प्रबंधक परमजीत कौर के प्रेस क्लब पहुंचकर संपत्ति पर कथित कब्जे के आरोप लगाने से मामला फिर चर्चा में आ गया। उनके आरोपों पर भाजयुमो नेता विदित शर्मा ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब विवाद इतना गंभीर था तो इतने समय तक शिकायत कहां की गई? उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और आश्रम की संपत्ति का सत्यापन कराने की मांग की।
विदित शर्मा ने कहा कि यदि आश्रम की जमीन पर कब्जा किया जा रहा था तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि शहर के विभिन्न संगठन और लोग इस मामले को लेकर आवाज उठा रहे थे, लेकिन आश्रम प्रबंधन की ओर से तीन महीने बाद प्रेस क्लब में आकर मामला उठाया गया।
पटवारी पर आरोप तो जांच भी हो
परमजीत कौर की ओर से जमीन की पैमाइश को लेकर पटवारी पर लगाए गए आरोपों पर विदित शर्मा ने कहा कि यदि राजस्व विभाग के कर्मचारी ने नियम विरुद्ध तरीके से जमीन की पैमाइश की है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच कराने और पैमाइश की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कराने की मांग की।
‘देर आए, दुरुस्त आए’
विदित शर्मा ने कहा कि परमजीत कौर ने स्वयं कहा है कि ‘देर आए, दुरुस्त आए’। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें वास्तव में किसी तरह की धमकी मिल रही है तो वह उनके साथ खड़े हैं। प्रशासन को उनकी शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आश्रमों की भूमि और संपत्तियों का भी सत्यापन होना चाहिए, ताकि किसी तरह के अवैध कब्जे या नियम विरुद्ध गतिविधि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।



