
हरिद्वार। कांवड़ मेले में नगर निगम की ओर से लगाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। सीसीआर चौक समेत कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर बनाए गए इन सेल्फी प्वाइंट पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कांवड़िये यहां फोटो और सेल्फी लेकर अपनी यात्रा की यादों को संजोने के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी प्रसारित कर रहे हैं।
नगर निगम ने इस बार कांवड़ मेला थीम के साथ ‘निर्मल गंगा’ और प्लास्टिक मुक्त कांवड़ यात्रा की थीम पर विशेष सेल्फी प्वाइंट तैयार किए हैं। इन पर स्वच्छ गंगा, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के प्रेरक संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। श्रद्धालु इन संदेशों के साथ तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे जन-जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सेल्फी प्वाइंट का उद्देश्य केवल आकर्षक फोटो स्पॉट उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कांवड़ियों और आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन संदेशों को पढ़ रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य लोगों तक भी पहुंचा रहे हैं।
कांवड़ मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे सेल्फी प्वाइंट यात्रा को यादगार बनाने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी माध्यम बन रहे हैं। नगर निगम की इस पहल को कांवड़ियों ने सराहा है और इसे स्वच्छ एवं हरित कांवड़ यात्रा की दिशा में एक प्रभावी प्रयास बताया है।



