
विजय सुब्रह्मण्यम
हरिद्वार। विकास प्राधिकरण ने बहादराबाद और रोशनाबाद क्षेत्र में बिना स्वीकृति कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। लगातार चेतावनी और निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार बहादराबाद क्षेत्र के अनेकी हेतमपुर स्थित अनेकी पुल के बाद औरंगाबाद मार्ग पर स्थित श्री प्रबंधक आर्यन हेरिटेज स्कूल परिसर में पूर्व निर्मित भवन के ऊपर द्वितीय तल पर लगभग 120 गुणा 50 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। वहीं रोशनाबाद के नवोदय चौक के समीप श्री प्रबंधक सेंट थॉमस स्कूल द्वारा लगभग 60 गुणा 40 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि दोनों निर्माण कार्य बिना स्वीकृति के कराए जा रहे थे, जिसके चलते संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए। इसके बाद भी निर्माणकर्ताओं द्वारा कार्य बंद नहीं किया गया।
प्राधिकरण टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया तथा संबंधित निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।




