

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता का एक वर्ष पूर्ण” कार्यक्रम में भारतीय सेना के साहस और शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर देश की सैन्य शक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में संचालित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दुनिया को नए भारत की ताकत दिखाई। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली के कारण दुश्मन की कोई भी मिसाइल भारतीय सीमा में प्रवेश नहीं कर सकी। सेना के पराक्रम के चलते पाकिस्तान को चार दिनों के भीतर युद्धविराम के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां लगभग हर परिवार का सेना से जुड़ाव है। केंद्र सरकार सेना को आधुनिक तकनीक और स्वदेशी हथियारों से सशक्त बना रही है। भारत आज 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाई गई है तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी समेत अनेक सैन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



