
हरिद्वार।मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान शिव सृष्टि के सर्वशक्तिमान देव हैं। जो भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित फल प्रदान करते हैं। निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि संपूर्ण श्रावण मास में भगवान शिव सृष्टि का ंसंचालन करते हैं। श्रद्धापूर्वक की गयी शिवोपासना से व्यक्ति भगवान शिव की विशेष कृपा का पात्र बन जाता है। इसलिए श्रावण मास में बेल पत्र, भांग, धतूरा आदि से विधानपूर्वक भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए। भगवान शिव दयालु एवं कृपालु हैं। जो अपनी शरण में आने वाले प्रत्येक भक्त का संरक्षण कर उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।



