उत्तराखंडहरिद्वार

राम के राजतिलक के साथ गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

30 साल बाद लौटी रामलीला की परंपरा, लक्की ड्रा में भरत का अभिनय करने वाले सचिन के नाम निकली स्कूटी

हरिद्वार। हरिपुर कलां में करीब तीन दशक तक बंद रही रामलीला की परंपरा वर्ष 2025 में दोबारा शुरू होने के बाद लगातार दूसरे वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ आगे बढ़ी। श्री रामलीला कमेटी हरिपुर कलां की ओर से 13 नवंबर से 25 नवंबर तक रामलीला का मंचन किया गया। समापन अवसर पर भगवान श्रीराम का भव्य राजतिलक किया गया। इसके बाद निकले विजय जुलूस में ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा हरिपुर कलां भक्तिमय हो उठा।

रामलीला के अंतिम दिन भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और राजतिलक का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भरत के स्वरूपों का श्रद्धालुओं ने पूजन किया। राजतिलक के बाद रामलीला कमेटी की ओर से विजय जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और रामलीला के कलाकार शामिल हुए। जुलूस के मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम के स्वरूपों का स्वागत किया।

रामलीला के समापन पर कमेटी की ओर से लक्की ड्रा कराया गया। इसमें रामलीला में भरत का अभिनय करने वाले सचिन कुमार के नाम स्कूटी निकली। स्कूटी निकलने पर कलाकारों और कमेटी पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अतिथि ग्राम प्रधान सविता शर्मा और समाजसेवी गुलशन अदलखा ने सचिन कुमार को स्कूटी की चाबी भेंट की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद रामलीला में विभिन्न पात्रों का अभिनय करने वाले कलाकारों को पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कमेटी की ओर से कलाकारों के बेहतर अभिनय और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि करीब 30 साल के अंतराल के बाद वर्ष 2025 में हरिपुर कलां में रामलीला की परंपरा को दोबारा शुरू किया गया था। लगातार दूसरे वर्ष रामलीला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने बताया कि रामलीला में अभिनय करने वाले सभी कलाकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमेटी की ओर से एक सप्ताह के भीतर पांच लाख रुपये का बीमा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलाकार पूरे उत्साह और मेहनत के साथ अपनी भूमिकाओं का निर्वहन करते हैं। उनके उत्साहवर्धन के लिए कमेटी की ओर से उपहार और पुरस्कार भी दिए जाते हैं।

अतिथि गुलशन अदलखा ने कहा कि करीब 30 वर्ष बाद हरिपुर कलां में रामलीला की परंपरा का दोबारा शुरू होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। रामलीला के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

अध्यक्ष मनोज शर्मा ने रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, पदाधिकारियों, अतिथियों और ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और उत्साह से ही वर्षों पुरानी यह धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा फिर से जीवंत हो सकी है।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button