Haridwar news कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर यूकेडी ने किया घेराव
अपर मेलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्यों की जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग

हरिद्वार। कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती का घेराव किया। जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और सरकारी धन के सदुपयोग को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर अपर मेलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने कहा कि कुंभ-2027 उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसकी तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बरतने के साथ गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए। सरकारी धन का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाना जरूरी है। रावत ने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि अनियमितताओं की आशंका दूर हो सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि यूकेडी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। कुंभ जैसे बड़े आयोजन में जनता के धन का सही उपयोग सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। दल ने मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
घेराव और ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत, रवि जैन, जसवंत बिष्ट, अरविंद रावत, सिद्धांत बिष्ट, प्रसन्न झा, मोहित चौहान, अमरजीत, केवल सिंह रावत, अनिल सिंह रावत, विक्रम गोस्वामी, उदित भारद्वाज, निशांत कुमार, अम्बर चौहान, गिरीश राणा, दिव्यांशु, सोमवीर, शुभम, मनीष धीमान, अक्षय, अमरदीप और अमित सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।


