

हाथों में गंगाजल लेकर सरकार को उखाड़ फेंकने की शपथ ली।
हरिद्वार, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हरिद्वार में कांग्रेस ने वोट बचाव देश बचाव यात्रा निकाली। शिवमूर्ति चौक से लेकर सुभाष घाट तक निकाली गई यात्रा में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, गुरप्रीत सप्पल, सहप्रभारी मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समय बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कुमारी शैलजा समेत सभी नेताओं ने शहर कोतवाली के सामने बने शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सुभाष घाट पर कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल और करण माहरा ने मां गंगा को नमन किया। पानी में खड़े होकर सभी नेताओं ने मां गंगा से भाजपा सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से बचाने प्रार्थना की। गणेश गोदियाल ने हाथ में गंगाजल भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की शपथ ली। हरिद्वार से शुरू हुई है यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान कुमारी शैलजा ने कहा कि वो और सभी कांग्रेस जन गंगा मैया की शरण में आए हैं और पवित्र गंगाजल में बैठकर प्रार्थना की है कि मां गंगा भ्रष्ट सरकार और चीफ इलेक्शन कमिश्नर से इस देश को बचाए। साथ ही मां गंगा से देश, संविधान और आम नागरिक के उद्धार की भी प्रार्थना की है।
कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली संसद से लेकर इलेक्शन कमीशन के कार्यालय तक निकाले गए मार्च में इंडिया ब्लॉक के सभी नेता शामिल हुए थे लेकिन भाजपा सरकार ने बेरीकेट्स लगाकर सबको रोक दिया। जब भाजपा सरकार को एलओपी और सांसदों से डर है, तो जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकते।
कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पिंजरे में बंद किया हुआ है। आज लोकतंत्र खतरे में है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने तानाशाह ढंग से कार्य किया है। इसी तरह मोदी सरकार भी तानाशाही चला रही है और मुख्य चुनाव आयुक्त सरकार के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरोप लगाया कि एसआईआर के खिलाफ राज्य चुनाव आयुक्तों ने 14 बार लिखित शिकायत दी लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ने किसी की नहीं सुनी। कुमारी शैलजा ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आमजन और राजनीतिक दलों समेत सबको आगे आना पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई में सबको साथ लेकर चल रही है। यह देश जब अंग्रेजों की गुलामी नहीं सहा तो, ऐसी तानाशाही सरकार की गुलामी भी नहीं सहेगा।
हरीश रावत को लेकर दिया बड़ा बयान, व्यक्ति और व्यक्तिगत से बड़ी है पार्टी
हालांकि उत्तराखंड कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान के सवाल पर कुमारी शैलजा ने ज्यादा कुछ तो नहीं बोला। लेकिन उन्होंने बड़ा बयान जरूर दे दिया। कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बहुत बड़ा संगठन है। इस पार्टी का एक बहुत बड़ा इतिहास है। कोई व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता। कुमारी शैलजा ने बराबर में खड़े यशपाल आर्य, गणेश गोदियाल, करण माहरा और हरक सिंह रावत का नाम गिनाते हुए कहा कि चाहे हम कोई भी हो, हमारा संगठन और हमारी पार्टी, व्यक्तिगत और व्यक्ति से ज्यादा बड़ा होता है।
गणेश गोदियाल ने भाजपा को उखाड़ फेंकने की शपथ ली
जैसे ही कांग्रेस की यात्रा सुभाष घाट पहुंची तभी गणेश गोदियाल, करण माहरा और कुमारी शैलजा समेत कई बड़े नेता गंगा में उतर गए। गणेश गोदियाल ने हाथ में गंगाजल लेकर शपथ ली कि जब तक ज्ञानेश कुमार जैसे लोग गद्दी पर बैठे रहेंगे, तब तक कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। मीडिया से बातचीत के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि मां गंगा की शरण में आकर उन्होंने भाजपा सरकार की सद्बुद्धि की कामना की है। इस देश के लिए लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए वो मां गंगा की शरण में आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संविधान का अनुच्छेद 326 खतरे में है। यह अनुच्छेद हमें वोट देने का अधिकार देता है लेकिन भाजपा सरकार वोट चोरी कर, जनता से यह अधिकार छीन रही है। लेकिन मतदान करने वाले व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करती रहेगी।



