उत्तराखंडहरिद्वार

शताब्दी तक संगठन को अनुशासन से चलाना बड़ी साधना : मोहन भागवत

 

गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह का भव्य शुभारंभ, 40 देशों से पहुंचे गायत्री परिजन, बोले डॉ. चिन्मय पंड्या- 2026 बनेगा दिव्य ज्योति के अवतरण का वर्ष

हरिद्वार, 21 नवंबर। सेवा, साधना और समर्पण के सौ वर्ष पूरे करना किसी भी संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इतने लंबे समय तक अनुशासन और निष्ठा के साथ संगठन को आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी साधना है। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शनिवार को शांतिकुंज में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में विश्व की समस्याओं का समाधान देने की क्षमता है। आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर हैं।

शांतिकुंज स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जन्मशताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड और शंखनाद के बीच तीन पवित्र कलशों के प्रवेश के साथ हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार से अलख जगाते हुए समारोह स्थल पहुंचे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर कलशों का स्वागत किया। समारोह के दौरान डाक टिकट कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की।

मुख्य अतिथि डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि सौ वर्षों की यात्रा में किसी भी संगठन को उपेक्षा, विरोध और अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। निरंतर सेवा और समर्पण के बल पर ही समाज का विश्वास और समर्थन हासिल होता है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान स्वयं सामने नहीं आते, बल्कि योग्य व्यक्तियों और संगठनों को इसकी जिम्मेदारी सौंपते हैं। संघ और गायत्री परिवार के कार्य भी इसी ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की जरूरत नहीं है। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और इनके समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हनुमान जी को अपना आदर्श बनाएं। जिस तरह हनुमान जी ने स्वयं को रामकार्य के लिए समर्पित कर दिया था, उसी तरह प्रत्येक कार्यकर्ता को सनातन संस्कृति और समाज निर्माण के कार्य में अपना जीवन समर्पित करना चाहिए।

2026 इतिहास में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि यह आयोजन सौभाग्य के उदय का ऐतिहासिक अवसर है। महर्षि अरविंद के कथन का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 इतिहास के पन्नों में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि माताजी का संपूर्ण जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए समर्पित रहा। अश्वमेध महायज्ञों का जिस विराट संकल्प और संगठन शक्ति के साथ उन्होंने संचालन किया, वह अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है।

संस्था की असली पहचान उसके कार्यकर्ताओं के चरित्र से होती है

इससे पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक आत्मा उसके भवन, संसाधनों और विस्तार में नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले व्यक्तियों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन मूल्यों में होती है। श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद और सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अन्य संतों ने भी समारोह में आशीर्वचन दिए।

इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में भारत सहित करीब 40 देशों से पहुंचे गायत्री परिवार के परिजन और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button