उत्तराखंडहरिद्वार

कुंभ-2027 के शाही स्नान में सहभागिता चाहते हैं गुरु रविदास साधु संप्रदाय के संत

 

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने रखा प्रस्ताव, संतों को उचित स्थान और व्यवस्था देने का किया आग्रह

हरिद्वार। कुंभ-2027 में शाही स्नान की तैयारियों के बीच गुरु रविदास साधु संप्रदाय ने भी संत परंपरा के साथ अपनी सहभागिता को लेकर पहल की है। आगामी कुंभ पर्व में गुरु रविदास साधु संप्रदाय के संत-महात्माओं को शाही स्नान में शामिल करने और उनके लिए उचित स्थान एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संप्रदाय की भावनाओं से अवगत कराते हुए कुंभ में संत समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का निवेदन किया।

श्री गुरु रविदास साधु संप्रदाय सोसाइटी पंजाब के अध्यक्ष श्री 108 संत बाबा निर्मल दास जी की ओर से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष को आमंत्रण भी दिया। भगवान रविदास एवं अटल निर्मला छावनी, हरिद्वार के प्रबंधक राजकुमार डोंगर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आगामी कुंभ पर्व में गुरु रविदास साधु संप्रदाय (रजि.) के संत-महात्माओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान शाही स्नान में शामिल होने के साथ ही संतों के लिए उचित स्थान और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुंभ पर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और संत परंपराओं के संगम का विश्वविख्यात महापर्व है। देशभर से संत-महात्मा और श्रद्धालु इस महापर्व में शामिल होकर धर्म, अध्यात्म और मानव कल्याण का संदेश देते हैं। ऐसे में गुरु रविदास साधु संप्रदाय के संतों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जगतगुरु संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं समाज में समानता, सामाजिक समरसता, मानवता और आपसी भाईचारे की प्रेरणा देती हैं। उनकी विचारधारा समाज को एकजुट करने का संदेश देती है। कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में संप्रदाय के संतों की सहभागिता से सामाजिक और धार्मिक एकता की भावना को और मजबूती मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष के समक्ष संप्रदाय की भावनाएं रखते हुए आगामी कुंभ में शाही स्नान की व्यवस्था में शामिल किए जाने का आग्रह किया। इस अवसर पर राजकुमार डोंगर बाबा जी, पाल सिंह, पंकज सिंह, देवेश गुप्ता, अशरफ, सन्नी वर्मा, देवेंद्र, टिंकू कुमार और रमेश सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button