अक्षय तृतीया पर पूजन से होती है सुख समृद्धि : श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का त्योहार बहुत शुभ माना जाता है। ये पर्व वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। इसी दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
श्री महंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि हिंदू वर्ष के हिसाब से साल का सबसे पहला विशिष्ट मुहूर्त लक्ष्मी को समर्पित होता है। जिसे अक्षय तृतीया कहा गया है। अक्षय तृतीया के दिन मां लक्ष्मी खुद धरती पर भ्रमण करने आती हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी की दिशा दक्षिण मानी जाती है, लेकिन अक्षय तृतीया के दिन मां लक्ष्मी विशेष रूप से ईशान कोण में आकर बैठ जाती हैं। यही वो विशेष दिन है जिस दिन आप मां लक्ष्मी की विशेष कृपा पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के अनुसार इसी दिन सतयुग व त्रेतायुग का आरंभ हुआ था। द्वापर युग का अंत और कलयुग की शुरुआत भी इसी दिन हुई थी। युगों का शुरुआत व अंत की तिथि होने के कारण इसे युगादि तिथि भी कहा जाता है। भगवान परशुराम का जन्म भी इसी दिन हुआ था। यही कारण है अक्षय तृतीया के दिन को महामुहूर्त कहा जाता है।