भगवान शिव की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नही:श्रीमहंत रविंद्रपुरी

हरिद्वार/राजीव कुमार
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव की शक्ति से बड़ी संसार में कोई शक्ति नहीं है। श्रद्धा पूर्वक किए गए जलाभिषेक से ही प्रसन्न हो जाने वाले महादेव शिव भक्तों की सभी इच्छाएं पूर्ण करते हैं। चरण पादुका मंदिर परिसर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में शिव भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और उनका सानिध्य प्राप्त करने का सबसे उत्तम अवसर है। सावन में भक्ति भाव, श्रद्धा और विश्वास के साथ शिव आराधना करें। पूर्ण समर्पण के साथ भगवान शिव की आराधना करने से उनका सानिध्य अवश्य प्राप्त होता है। शिव आराधना ऐसा अमोघ साधन है। जिससे सभी इच्छाओं को पूर्ण किया जा सकता है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि हरिद्वार के कण-कण में शिव का वास है। भगवान शिव पूरे सावन मास कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान रहकर सृष्टि का संचालन करते हैं। ऐसे में हरिद्वार से ले जाए गए गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किए जाने से वे अति प्रसन्न होते हैं और भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
इस दौरान श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने ओलंपिक खेलों में निशानेबाजी में दो पदक जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी मनु भाकर को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया और कहा कि भारतीय बेटियां किसी से कम नहीं है। खेलों सहित सभी क्षेत्रों में भारतीय महिलाएं कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, सुमित अदलखा आदि मौजूद रहे।