उत्तराखंड

लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान को धामी ने योगी से की मुलाकात, पुराने पुलों की मरम्मत पर दिया जोर

 

बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर के जीर्णोद्धार का मुद्दा उठाया, दोनों राज्यों के बीच लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर बनी सहमति

लखनऊ। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच वर्षों से लंबित परिसंपत्ति विवादों को सुलझाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच हुई बैठक में परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान धामी ने विशेष रूप से सिंचाई विभाग की परिसंपत्तियों के समाधान के साथ पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत तथा सुदृढ़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का विषय उठाते हुए झनकैया पुल एवं सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये कार्य स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और किसानों को बेहतर सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध कराने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच बेहतर समन्वय और सकारात्मक संवाद के चलते परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। पूर्व में दोनों राज्यों के बीच बनी सहमति के अनुरूप विभिन्न प्रकरणों में कार्रवाई भी पूरी की गई है। उन्होंने शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और पूर्व में लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे और हस्तांतरण के मामलों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने लंबित मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों राज्यों के आपसी सहयोग और समन्वय से शेष मामलों का भी जल्द समाधान होगा।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button