
गोवर्धन पूजा पर प्राचीन हनुमान मंदिर में विधि-विधान से हुआ पूजन, महंत ने श्रद्धालुओं को दिया सद्भाव और लोकमंगल का संदेश
हरिद्वार। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, गोसेवा और समस्त जीवों के प्रति करुणा का भाव जागृत करने का संदेश भी देता है। यह पर्व हमें प्रकृति के महत्व को समझने और उसके संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर प्राचीन हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद मंदिर के महंत रविपुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पर्व के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
महंत रविपुरी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया था। गोवर्धन पूजा हमें सिखाती है कि प्रकृति, गौवंश और समस्त जीव-जंतुओं का संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में प्रकृति को पूजनीय माना गया है। गोसेवा और जीवों के प्रति दया एवं संवेदना का भाव हमारी संस्कृति की मूल पहचान है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और समस्त श्रद्धालुओं को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का वास हो। समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव मजबूत हो तथा प्रत्येक व्यक्ति के मन में लोकमंगल और परोपकार की भावना विकसित हो। उन्होंने कहा कि पर्वों का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि उनके संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करना भी है।



