

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, विकास पुस्तिका का विमोचन; 23 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
हरिद्वार, 9 नवंबर। उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों के नाम राज्य स्थापना दिवस समारोह समर्पित रहा। सोमवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।
समारोह में गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान से उत्तराखंड अस्तित्व में आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में यूसीसी के एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। जनपद की 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और 10.40 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, किसानों, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



