

हरिद्वार। स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों और राष्ट्र सेवा में स्वयंसेवकों की भूमिका की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि जिला एनएसएस समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने विद्यार्थियों को एनएसएस की गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। इस दौरान ‘नशा छोड़ें, जीवन संवारें, नशामुक्त युवा सशक्त भारत’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थान की प्राचार्य डॉ. जयलक्ष्मी, प्रधानाध्यापक अशोक गौतम, रजिस्ट्रार अनुराग गुप्ता, अंजुम सिद्दीकी, अंकुर चौहान, दिलखुश कुमार, आशीष कुमार और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पंकज कुमार मौजूद रहे।



