Haridwar news गुजरात ने देश और धर्म की सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई : डॉ रविंद्र पुरी

संतों की मौजूदगी में नूतन विश्रांति भवन का शिलान्यास
हरिद्वार, 13 सितम्बर। धर्मनगरी हरिद्वार में संत सेवा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। श्री स्वामिनारायण मंदिर भुज, कच्छ, गुजरात के संयोजन में जगजीतपुर में बनाए जा रहे नूतन विश्रांति भवन का रविवार को संत-महापुरुषों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया गया। इस दौरान संतों ने भवन को सेवा, साधना और धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने पर जोर दिया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि गुजरात प्रांत ने देश और धर्म को आगे बढ़ाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। सेवा, संस्कार और धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने में गुजरात के संतों और संस्थाओं का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में बनने वाला यह विश्रांति भवन श्रद्धालुओं और संत समाज के लिए उपयोगी साबित होगा।
पुराणी स्वामी धर्मनंदन दास ने कहा कि नूतन विश्रांति भवन सेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और संतों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों को भी विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ना और धर्म-संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
शिलान्यास समारोह में मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती महाराज, महामंडलेश्वर हरि चेतनानंद महाराज, स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री, महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद, महंत दर्शन भारती, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, स्वामी ज्योर्तियानंद, कथाव्यास स्वामी आनंद महाराज सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे।


