

“कारागार में गंगा कथा का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है : पंडित अधीर कौशिक”
हरिद्वार, 6 अगस्त। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के संयोजन में जिला कारागार रोशनाबाद में आयोजित संगीतमय गंगा कथा में कथाव्यास पंडित संजय कृष्ण ने मां गंगा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा कोई सामान्य नदी नहीं, बल्कि समस्त मानवता की मां हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति अपनी जन्मदात्री मां की सुरक्षा, पवित्रता और सम्मान का ध्यान रखता है, उसी प्रकार गंगा स्नान के दौरान मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना भी सभी का दायित्व है।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि जिला कारागार में गंगा कथा आयोजित करने का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना, उन्हें धर्म एवं आध्यात्मिकता से जोड़ना तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की कृपा से प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और कथा का संदेश समाज में सद्भाव एवं संस्कारों को मजबूत करता है।
आचार्य विष्णु शास्त्री एवं पंडित कृष्ण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। कथा में स्वामी रुद्रानंद सरस्वती, रोहित गिरि, बृजमोहन शर्मा, कुलदीप शर्मा, विकास नौटियाल, सिद्धार्थ भट्ट, शुभम शर्मा, विकास बहुगुणा, संदीप कुमार, चमन कुमार, मनोज कुमार, अमित शर्मा, अरुण कुमार, यजमान जलज कौशिक, सत्यम शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



