उत्तराखंड

अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, 29.78 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को होटल नटराज, ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग करते हुए 29.78 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत किया और कहा कि महापौर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं और अपेक्षाओं के प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि शहर नागरिकों के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं को आकार देने वाले केंद्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने शहरों के विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में महत्वपूर्ण सुधार किया है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष अब तक 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, अमृत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, लीगेसी वेस्ट प्रबंधन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्रों का तेजी से विकास किया जा रहा है। नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं तथा निराश्रित गौवंशों और श्वानों के प्रबंधन के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में नगर निकायों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान सहित देशभर के विभिन्न शहरों से आए महापौर एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button