शक्तिफार्म-सिडकुल को जोड़ने वाले सीसी पुल का मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने हेतु सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जबकि प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग जैसे कई विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद में किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, गदरपुर और खटीमा बाईपास सहित कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



