मेधावी छात्र राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में अमर उजाला द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाग कर प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं तथा देश और प्रदेश का भविष्य उनकी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प पर निर्भर करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर उजाला की यह पहल अत्यंत सराहनीय है, जो युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विशेष रूप से बेटियों की सफलता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर परिश्रम, अनुशासन तथा आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में गुरुजनों और माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं, जो विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्य भी प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापरक शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 28 प्रतिशत विद्यार्थी हैं, जबकि 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 प्रतिशत विद्यार्थी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों को वैदिक गणित, रामायण, महाभारत, राज्य की संस्कृति और अध्यात्म का ज्ञान भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अपर सचिव बंशीधर तिवारी तथा अमर उजाला के संपादक अनूप बाजपेयी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



