उत्तराखंडहरिद्वार

नशे की लत ने बनाया बाइक चोर, रानीपुर पुलिस ने 4 शातिर दबोचे; 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

मामला उस समय खुला जब 4 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड पुलिस ऐप के जरिए रानीपुर, सिडकुल और आसपास क्षेत्रों से बाइक चोरी की कई ई-एफआईआर दर्ज हुईं। इनमें ब्रह्मपुर से बाइक संख्या UP12AE-5890, मंगलौर निवासी समीर की UK17V-9849 स्प्लेंडर प्लस और जमालपुर खुर्द से UK07BB3906 बुलेट चोरी होने की शिकायत शामिल थी।

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, सुरागरसी और सघन चेकिंग अभियान के दौरान नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास चार संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी में पहले तीन चोरी की बाइकें मिलीं, जबकि पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अन्य मोटरसाइकिलों की खेप भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को राह चलते लोगों और कबाड़ियों को औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रानीपुर, सिडकुल, फरीदाबाद और दिल्ली क्षेत्र से वाहन चोरी की घटनाएं भी कबूल की हैं।

बरामद 10 मोटरसाइकिलों में रानीपुर, सिडकुल, फरीदाबाद, दिल्ली और अन्य संदिग्ध चोरी के वाहन शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के मालिकों की जानकारी जुटाने में लगी है।

गिरफ्तार आरोपियों में विपिन, गौरव, नितिन और गौरव शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है। पुलिस के मुताबिक चारों युवक नशे की गिरफ्त में आकर अपराध की राह पर उतर आए।

हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी में शामिल किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button