
हरिद्वार। जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली लक्सर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक आरोपी को 4.40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में स्मैक, चरस, गांजा और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमें क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध स्थानों पर नियमित चेकिंग और छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार 26 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन पुत्र पालू, निवासी ग्राम निरंजनपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 274/2026 दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशे का सामान कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र कुमार नागर और कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह बिष्ट की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।



